केरल प्रवासी राजस्थानी संवाद-2021 मुख्यमंत्री गहलोत हुए शामिल | CM Gahlot Participated in Kerala Prawasi Rajasthani Samwad 2021
केरल प्रवासी राजस्थानी संवाद-2021 (Kerala Prawasi Rajasthani Samwad 2021) में मुख्यमंत्री गहलोत हुए शामिल मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने शनिवार 23 जनवरी को केरल के तिरुवनंतपुरम में राजस्थान फाउंडेशन और राजस्थान संघ, तिरुवनंतपुरम द्वारा आयोजित प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद कार्यक्रम Kerala Prawasi Rajasthani Samwad 2021 को संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इस कार्यक्रम में कहा कि राजस्थान में तेल, गैस के अतिरिक्त पोटाश और सिल्वर जैसे खनिजों के बड़े भण्डार मिलने से हिन्दी सिनेमा के लोकप्रिय गीत ‘मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे-मोती... ‘ की कल्पना साकार हुई है। इन खनिजों के उत्पादन से यहां कई प्रकार के नए उद्योग-धंधों के विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को प्रदेश में उपजे इन अवसरों का भरपूर लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने फूड प्रोसेसिंग सहित अनेक एमएसएमई उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए फेसिलिटेशन एक्ट, नई औद्योगिक नीतियां और ‘वन स्टॉप शॉप‘ जैसी सुविधाएं शुरू की हैं, जिससे उद्यमियों के लिए अधिक सकारात्मक माहौल बना है।